Wednesday, December 26, 2012

चिल्लर पर चिकचिक खत्म, अब मत लीजिए खुल्ले के बदले टॉफी!


इंदौर। आरबीआई ने इंदौर की सात बैंकों को करीब 50 लाख के सिक्के भेजकर इन्हें तुरंत जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही यह चेतावनी भी दी है कि यदि कोई बैंक सिक्के बांटने में लापरवाही करता है तो उसके खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी। 
चिल्लर के बदले टॉफी नहीं चलेगी 
शहर में चिल्लर के बदले टॉफी-चॉकलेट देने की समस्या पर ‘भास्कर’ ने अभियान चलाया था। आरबीआई के अनुसार इंदौर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की स्कीम नंबर 54 एबी रोड ब्रांच को 6 लाख, जीपीओ ब्रांच को 5 लाख और वायएन रोड ब्रांच को 7 लाख रुपए के सिक्के भेजे हैं। इसी प्रकार आईसीआईसीआई और एचडीएफसी को दस-दस लाख और बैंक ऑफ महाराष्ट्र बैंक को 3 लाख रुपए के सिक्के बांटने के लिए भेजे गए हैं। भास्कर’ को जानकारी देते हुए आरबीआई भोपाल के मैनेजर राजीव नारंग ने बताया कि समस्या से निपटने के लिए अभी तक आरबीआई ने बैंकों को पूरे प्रदेश में करीब 40 करोड़ रुपए के सिक्के बांटने के लिए भेजे हैं। कोई भी लिंक ब्रांच अपनी करंसी चेस्ट ब्रांच से जरूरत के मुताबिक कभी भी सिक्के की मांग कर सकती है। लगातार जो सिक्के भेजे जा रहे हैं उन्हें बांटने में यदि बैंक पारदर्शिता या उत्साह नहीं दिखाते हैं तो शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। नौ लाख के सिक्के जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की बैंकों को दिए गए हैं। अधिकतर जगह शुरू हुआ वितरण- एसबीआई के डिप्टी जनरल मैनेजर अनुकूल भटनागर के अनुसार जीपीओ, वायएन रोड, स्कीम नंबर 54 ब्रांच में सिक्के बांटना शुरू कर दिए हैं। जरूरतमंद सिक्के ले सकते हैं। आईसीआईसीआई के स्थानीय अधिकारियों के अनुसार मालव परिसर ब्रांच से बैंकिंग समय में सिक्के प्राप्त किए जा सकते हैं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सीनियर प्लानिंग मैनेजर आरके अठवासिया के अनुसार सभी ब्रांचों में सिक्के भिजवा दिए हैं। ग्राहक किसी भी ब्रांच से सिक्के ले सकते हैं। इसी प्रकार एचडीएफसी की भी विभिन्न ब्रांचों से सिक्के प्राप्त किए जा सकते हैं। ‘आरबीआई ने ग्राहकों से यह भी अपील की है कि वह किसी भी हालत में खुल्ले के बदले जबरन दी जाने वाली वस्तु को स्वीकार न करें क्योंकि बाजार में चिल्लर की कोई कमी नहीं रह गई है।


सिक्के नहीं मिलें तो यहां करें शिकायत 
रीजनल डायरेक्टर मप्र रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया होशंगाबाद रोड 
पो.बॉ. 32, भोपाल- 462011, फोन नंबर- 0755-2552242, 2553179  
फैक्स-0755- 2578299, ईमेल- rdbhopal@rbi.org.in

No comments: